मंगलवार, 5 जुलाई 2022

बरहौ बिगहा

'जथा नामे तथा गुणे' वाली कहावत तो आपने सुनी ही होगी। इसको सार्थक करता हुआ एक वाकया मेरे गाँव के ठीक उत्तर में 'बरहौ बीघा' से संम्बन्धित है।वो बरहौ बिगहा जो गवाह है मेरे बचपन की शरारतों का, वो बरहौ बीघा जिसकी छांव में मैंने साबुत चलना सीखा है,वो बरहौ बीघा जिसमें लगे पेड़ों के नीचे दुखी मन से विरह गीत गुनगुनाये है तो खुशी मन से ऊ..ला..ला धुन पर थिरके हैं।

आज कई दिनों के बाद गाँव जाना हुआ। लिहाजा कुछ स्मृतियाँ अंतर्मन में हिलोरें लेने लगी। दरअसल इक्कीस का प्रोटोकॉल बहुत ही अनुशासनात्मक होता हैं। उम्र के इस पड़ाव पर लोगों के तमाम भ्रमों को बनाये रखने का बड़ा मानसिक दवाब रहता है।रहे भी क्यों न? वर्षों से अच्छे दिनों की आस में बैठी नीली आंखों को इस दुबले पतले नौजवान से बहुत उम्मीदें हैं।गाँव का नाम आते ही मेरे हृदय में समाई बरहौ बिगहा की एक धुंधली सी तस्वीर उभर ही आती है और जब भी 'बरहौ बीघा' की यादें आंखों के सामने से गुजरती हैं तो मन में मीठा-सा कोलाहल पैदा हो ही जाती है। 

 कभी-कभी मन करता है कि खुशी के मारे उछल पड़ूँ।क्यों नहीं ? उछलना कौन-सी बड़ी बात है, वो भी मेरे लिए। जेठ बैशाख की गर्मियां तो लंगड़ी, बर्फी ,सुत्ता-पहाड़ एवं तरह-तरह के गंवई खेल खेलते हुए ही बीतती थीं। उन दिनों की चटपटी स्मृतियों, मन में उठ रही खुशियों को हिन्द की लहरों की तरह किसी रामेश्वरम् को सामने पाकर मन को शान्त कर लेता हूँ।

सबसे पहले तो बरहौ बीघा के नामकरण पर बात करते हैं। इसके नामकरण का किस्सा भी बस वैसा ही है जैसे अधिकतर उत्तर भारतीय परिवार के बच्चों का नामकरण का होता है। जैसे- होली में जन्मे बच्चे का नाम होरी , मंगल को जन्मे बच्चे का नाम मंगली और बरसात में जन्मी लड़की का नाम बरखा रख दिया जाता है।नामकरण की पद्धति यहाँ तक तो कुछ ठीक है। एक बार मेरे दादा एक गाय खरीद कर लाए। जिस व्यक्ति से गाय खरीदी गई थी उसका नाम राम करन था फिर क्या, सबने गाय का नामकरण किया " रमई काका वाली गाय " और जब तक गाय थी तब तक हमने उसे इसी नाम से पुकारा। नामकरण की कई घटनाएं याद आ रही हैं, जिनका जिक्र फिर कभी करूँगा।

इन्हीं किस्सों से मिलता जुलता एक किस्सा 'बरहौ बीघा' के नामकरण का भी है। शुरूआत में जब मेरे कानों में 'बरहौ बीघा' शब्द पडा़ तो मुझे लगा उस जगह विशेष को चिन्हित करने के लिए किसी संज्ञा का सहारा लिया जा रहा है जो कि सही भी था, लेकिन ऐसा क्यूँ?  ये जानने की उत्सुकता बराबर बनी रही। 

जब कुछ वर्ष बीत गए तो मेरे बाल मन में जिज्ञासा उत्पन्न हुई कि इस बरहौ बीघा के तिलिस्म से बाहर निकला जाये। 
फिर एक दिन अपनी दादी से जिन्हें हम लोग आजी कहते हैं, हमने  पूछ ही लिया कि आजी! बरहौ बीघा को बरहौ बीघा क्यूँ कहते हैं? 
प्रश्न सुनते अम्मा के चेहरे पर ऐसी चमक दिखाई दी मानो अरसों का कोई छिपा राज उजागर करने जा रही हों। दरअसल उनको ऐसा महसूस होना ही था,क्योंकि हम लोग उस तल्लीनता से रहस्य को सुनने के लिए बैठे थे ज्यों कोई सत्यनारायण कथा का छठा अध्याय सुनने के लिए बैठा हो,जिसका वाचन दुबारा दुर्लभ हो।

फिर अम्मा ने बताना शुरू किया...फलाने का जो चक(खेत) है, वो कुल मिलाकर बारह बीघा है, शुरुआत में जब कोई फलाने से पूछता था,कहाँ जा रहे हो? तो उनका सीधा जवाब होता था बारह बीघा.... फिर धीरे-धीरे अपभ्रंश हुआ और बारह बीघा खेत 'बरहौ बीघा' के नाम से जाना जाने लगा।रहस्य खुलते ही आश्चर्य कम हंसी ज्यादा आ रही थी...

बरहौ बीघा सिर्फ बारह बीघा जमीन ही नहीं बल्कि बच्चों के लिए खेल मैदान, पशुओं के लिए चन्नी, लोगों के लिए अस्थाई बतकूचन की चौपाल,  बूढों के लिए रस्सी भांजने का स्थान तो किसानों के लिए खलिहान बनाने की पसंदीदा जगह थी जिसके इर्द गिर्द खरही छाई रहती थी। बरहौ बीघा के ही हिस्से में लगा आम का बगीचा उसमें चार चाँद लगा रहा था। 

कुछ समय में बरहौ बीघा की प्रसिद्धि इस तरह हुई कि आस-पास के सभी खेतों की गिनती भी बरहौ बीघा के अन्तर्गत ही होने लगी। किसी घर का कोई बच्चा अगर लापता होता, तो उसके बरहौ बीघा में होने की संभावना अधिक होती थी। हो भी क्यों न, गाँव का उत्तर टोला भी बरहौ बीघा के नाम से ही जाने जाना लगा था।

जहाँ तक बरहौ बीघा से मेरा जो व्यक्तिगत रिश्ता है, वो ढेर सारे खट्टे मीठे अनुभवों से भरा हुआ है।
घर से निकलते ही मेरे पांव बरहौ बीघा में ही रुकते थे। वही एक मात्र जगह थी जहाँ दोस्तों से मिलना होता था।बरहौ बीघा हम बच्चों के लिए तथाकथित रूप से प्रतिबंधित वस्तुओं को छुपाने की सबसे सुरक्षित जगह होती थी।चाहे वो कंचे हो या सिप्पी; ये बात अलग है कि अकसर वो कीमती वस्तुएँ अघोषित चोरों द्वारा चुरा ली जाती थी। 

समय बदला, देश बदला, लोग बदले तो बरहौ बीघा चिरस्थाई कैसे रह सकता था? बरहौ बीघा में लगे अधिकतर पेड़ों को काट कर लोगों की अन्तयोष्ठि में जला दिया गया। उसके कुछ साथी पेड़ के वियोग में सूख कर धराशायी हो गये।

बेरोजगारी और बेगारी से त्रस्त गाँव के लोगों ने दूसरे शहरों में ठिकाना तलाशना शुरू कर दिया और इधर धीरे-धीरे बरहों बीघा भी सरकारी नीतियों व धन के अभाव में एकांत होता चला गया। इतना एकांत कि बरहों बीघा पहले दस बीघा हुआ,फिर आठ हुआ, फिर चार हुआ और फिर बरहौ बीघा बरहौ बीघा न रहा.... 
रह गईं तो उसकी झीनी स्मृतियाँ जो गाहे-बगाहे मन मस्तिष्क में उभरती हैं। ये स्मृतियाँ कभी मन में खुशियों की लहर पैदा  करती है तो कभी आंसुओं में तब्दील हो जाती है.... 

~ विकास मणि

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

'काग़ज़ पर तस्वीर बनी है'

प्यारी लड़की  मौन खड़ी थी, आंखें ज्यों बादल दिखती थीं, ज़ुल्फों  की  छाई थी बदली, हाथों   में    कंगन   थे    पूरे, लहंगे  के   भी  रंग   सु...