गुरुवार, 17 नवंबर 2022

खिलंदड़ लड़की के नाम एक पत्र


आकांक्षा बहन,
पत्र लिखने का अपना रंग होता है अपना शिल्प होता है और इन सबसे बढ़कर कुछ शिष्टाचार होते हैं जो पत्र को पत्र बनाते हैं। लेकिन मैं दुस्साहस करते हुए, बिना शिल्प के  तुम्हारे लिए एक बेरंग पत्र लिख रहा हूं।
कहने को तो हम दोनों का साथ तेरह महीनों का है, पर कहने से क्या होता है? न तुमने कभी मेरे बारे में कुछ जानने की चेष्टा की और न मैंने ही.. मुझे तो सहपाठियों द्वारा सिर्फ़ इतना मालूम हुआ कि अमुक लड़की बहुत ही अच्छी खिलाड़ी है... इससे ज्यादा न तो कभी मैंने जानने की कोशिश की और न ही किसी हितेषी ने बताया ही।
आज तुम अपने बारे में कुछ लिखने को कही, तो मैं संकोच में पड़ गया था। ऐसा लगा मानो किसी ने मुझे कोई दुर्लभ कार्य सौंप दिया है, फिर एक क्षण बाद महसूस हुआ ये कार्य दुर्लभ कहां बल्कि बहुत ही सुलभ है.. डायट परिवार का कौन ऐसा सदस्य होगा जो तुम्हारी प्रतिभा से परिचित नहीं है..खेल और योगा का नाम आते ही सबकी जुबान पर सबसे पहला जो नाम  उच्चरित होता है, वो तुम्हारा ही है। तुम्हारी सहजता, सरलता और सुलभता ही तुम्हारी पहचान है। 
आज जब कभी हम बॉलीबॉल ग्राउंड में किसी लड़की को खेलते हुए देखता हूं तो सबसे पहले तुम्हारी छवि मेरी आंखों में उतर आती है। 
वैसे तो मेरा कभी खेल और खेल ग्राउंड से दूर दूर तक कोई नाता नही रहा है लेकिन मैंने शायद ही कोई ऐसा गेम होगा जिसे घंटों घंटों बैठकर कर ना देखा हो..जितना नशा लोगों को खेल खेलने का होता है उससे कहीं ज्यादा नशा मुझे खेल के दांव ओ पेंच देखने का है। 
मेरी निगाहें कहीं भी हो मैं कितना भी महत्वपूर्ण कार्यों में तल्लीन रहूं लेकिन यदि कोई अच्छा खिलाड़ी मैदान में हो तो मजाल है मेरी दृष्टि उस खिलाड़ी से विलग हो जाय। फिर मेरी निगाह उसी खेल मैदान में अटक जाती है। मैंने तुम्हें जितना देखा उतना सिर्फ खेल मैदान में ही चीते जैसी फुर्ती, सारस जैसी सतर्कता और चातक जैसे आत्मस्वाभिमान के साथ देखा है। मैं तुम्हें मैदान से बाहर क्लास रूम में भी यदि देखता हूं तो मेरी नज़रों में उसी खिलंदड़ लड़की की छवि उभरती है जो खेल मैदान में अपने खेल कौशल से प्रतिद्वंद्वियों की हालत खस्ता करके रखती है।
मैं उम्मीद करता हूं तुम नित अपने खेल कौशल को संवारते  हुए एक बेहतरीन खिलाड़ी के साथ साथ एक बेहतरीन शिक्षिका भी बनोगी।
                                                            आपका सहपाठी 
                       ‌‌                                        विकास मणि 







बुधवार, 9 नवंबर 2022

मेरो मन अनत कहाँ सुख पावै

रात को एक मित्र से बात हो रही थी।कहने लगे प्रत्येक मित्र मंडली को जोड़नी वाली एक न एक कड़ी जरूर होती है।रात से ही दिमाग लगा रहा था कि आखिर मेरी मित्र मंडली में ऐसी कौन सी कड़ी है..जो इतनी आत्मीयता बनी रहती है ? रात भर दिमाग़ खपाने के बाद निष्कर्ष निकला कि वो कड़ी मुन्नी बेगम हैं। जिनकी आवाज़ में हम लोग अपने-अपने सुख दुःख तलाशते हैं।
 वैसे बीच-बीच में कुछ लोगों का गाहे-बगाहे हृदय परिवर्तन भी होता रहता है। लेकिन समय रहते घर वापसी की संभावना बराबर बनी रहती...बनी भी रहनी चाहिए आखिर भाग कर जायेंगे कहां। यदि सूरदास जी के शब्दों में कहूं तो हम लोग कहीं और स्थायित्व प्राप्त ही नहीं कर सकते।

"मेरो मन अनत कहाँ सुख पावै।
जैसे उड़ि जहाज की पंछी, फिरि जहाज पै आवै॥"

वैसे इस बीच एक मित्र ग़ुलाम अली साहब के करीब पहुंचने वाले थे।पर पता नहीं क्या हुआ, सुबह से प्रहलाद तिपनिया जी को याद कर रहे हैं। 

~ विकास मणि 

फुटकर शे'र 4

•
वर्जित चीजों का कुछ दिन परहेज करो,
वक़्त  लगेगा  जख़्म  तुम्हारा  भरने  में।

•
रात की इस तीरगी से चाँद लड़ने क्या चला,
साथ  देने  के  लिए  ढ़ेरों   सितारे  आ गए !

•
चाहिए मुझको नहीं कोई निशानी प्यार की,
हाथ की ये चूड़ियां ही प्रीत की पहचान हैं ।

•
सच कहना सच को सहना कहते दुनिया में सभी मगर,
मेरे दिल के जख़्मों का हरबार तमाशा कर कर डाला ।

•
तुम  अगर  आवाज  देती  पास आने के लिए,
मणि' तुम्हारे पास  होता दूरियाँ कुछ भी नहीं।

मंगलवार, 8 नवंबर 2022

फुटकर शे'र 3


•
पत्थर  हूं  तो   पत्थर  जैसी   दुनिया  होगी,
गर तुमको दुःख है.. जाओ पानी हो जाओ।

•
बे'झिझक ले ले हमारी ज़िन्दगी को मौत तू,
पर हमारे प्यार की तू इक निशानी छोड़ दें।

•
पत्थर  गर  हो  पत्थर  से  टकराओ  भी,
कम से कम  कुछ चिंगारी  तो निकलेगी। 

•
तुम भी ग़ालिब को पढ़ कर दिन काट रही,
मैं  भी  साहिर  की  नज़्मों  में  उलझा  हूं।

•
चाहे जितना महसूस करूं खुद को मैं आज़ाद मगर,
'किराये  के   कमरों  में  आवाज़  दबानी  पड़ती  है।

~ विकास मणि 

सोमवार, 7 नवंबर 2022

बिछड़ने का डर

आज दोपहर में जब से गोण्डा से पयागपुर आया हूं, अजीब सा खालीपन महसूस हो रहा है।ऐसा लग रहा है मेरी आत्मा गोण्डा के किसी चहेते चौराहे पर छूट गई है, और मैं सिर्फ अपनी काया लेकर यहां पहुंचा हूं।
न जाने कितनी रातें गोण्डा में अकेली गुजारी होगी,न जाने कितनी पीड़ाएं अकेले ही सहन कर लिया होगा, और न जाने कितनी बार अपमानित होकर ख़ामोशी से आगे बढ़ गया..पर शिकायत नाम की कोई चीज़ न थी।ऐसा लगता था गोण्डा अपना शहर है मुश्किल घड़ी में यही संभाल भी लेगा।
मगर पयागपुर में अपनेपन का अभाव है.. महफ़िल में रहकर भी महफ़िल से जुड़ाव नही हो पाता, लोगों से मिलकर भी ठीक से नही मिल पाता हूं, मानों मेरे और इस कस्बे के मध्य कोई अदृश्य दीवार खड़ी हो।
दरअसल ये खामी इस खूबसूरत कस्बे की नहीं, अपितु मेरी ही है। मैं डरता हूं कि कहीं ऐसा न हो, जब मैं यहां से कुछ महीनों बाद वापस जाऊं तो एक गोण्डा इधर भी न छूट जाए।

~ विकास मणि 
(तस्वीर गोण्डा के किसी अक्षांश एवं देशांतर की है, जिसे नरेंद्र तिवारी भैया ने अपने कैमरे में कैद किया है)

गुरुवार, 3 नवंबर 2022

फुटकर शे'र 2

दिल गवाँ बैठे कभी जो देखकर उस चाँद को,
वो  ज़मीं पर  आज के अदबी सितारे हो गए।

•
वो  रो  रही  थी  और  मैं   ख़ामोश  था  वहां,
मैं  जानता  था  यार.. कोई   मसअला  नहीं।

•
फिर  कहानी  किस  जगह  से  मोड़  लेती ?
द्रोपदी   गर   रोक   लेती   उस   हंसी   को।

•
गर प्यास है लगी तुम्हें, दरिया से बोलिए,
सहरा में  चीखने से  कोई  फायदा  नहीं।

•
आई   वो   मेरे   पास..  और   लौट  भी  गई,
मैं  वस्ल  का  पहला  गुलाब  दे  नहीं  सका।

~ विकास मणि 


फुटकर शे'र 1

आलम दुखों का ये है कि बहरों के बीच में,
वो  कह  रहा  है  कोई  मेरी  बात तो  सुने।

•
दूर गर कर नहीं सकते  हया अपने ज़हन की तो,
मशवरा  दे  रहा  हूँ  मैं  ग़ज़ल  से  दूर  रहने का ।

•
चन्द्रमा  की  गोद  में  उन  मुस्कुराते  पर्वतों  को,
दाग़ का उपमान देकर क्यों कलंकित कर रहे हो ।

•
वो लगी थी, बस मुझे बदनाम करने के लिए,
और मैं  उसको बचाने  के लिए ख़ामोश था ।

•
नहीं अहसास था अबतक  हुआ है इश्क़ भी तुमसे ,
हुई  जब   दूर  तुम  मुझसे  हकीकत  सामने आई।

~ विकास मणि 

बुधवार, 2 नवंबर 2022

राब्ता

मुझे आज तक  जो भी मिला है,
वो सब कुछ बुजुर्गों की दुआ है।

तुम्हें  बात  जो  कड़वी  लगी है,
असल  में  वही असली दवा है।

दिया  ज़ख़्म था  भरपूर जिसने,
उन्हीं   दुश्मनों   से   राब्ता   है।

जहां झूठ की महफ़िल सजी हो,
वहां   कौन   तेरा  हमनवा   है।

तेरे  खेल से  वाक़िफ है  वो भी,
तेरे    दांव    सारे   जानता   है।

जहां   रोने  की   पाबंदियां   हों,
वहां   मुस्कुराना  भी  ख़ता  है।

~ विकास मणि



मंगलवार, 1 नवंबर 2022

गुनगुनाती महफ़िलों में ग़मज़दा अच्छा नहीं

हर जगह पर सादगी का कायदा अच्छा नहीं,
गुनगुनाती महफ़िलों में ग़मज़दा अच्छा नहीं।

सोचता  हूं  मैं  हकीकत  बोलना अब छोड़ दूं,
यार अब यूं हर किसी से फासला अच्छा नहीं।

वो  बताते  हैं  वहां  मिलती  दवा हर मर्ज की,
पर  तज़ुर्बा  बोलता  है  मयकदा  अच्छा नहीं।

चाहता हर शख्स है अब हो मुकम्मल प्यार ये,
पर  जहां  का  मज़हबी ये दायरा अच्छा नहीं।

प्यार के हर मसअलों का हल निकालो बात से,
बोतलों  के  साथ  में  ये  रतजगा  अच्छा नहीं।

तुम इसे बोलो सियासत या खिलाफत बोल दो,
मुफ़लिसों  के  नाम पर ये फायदा अच्छा नहीं।

क्यूं  उलझते हो  यहां  इन  उलझनों के साथ में,
उठ रहा जो आंख में मणि जलजला अच्छा नहीं।

~ विकास मणि 

'काग़ज़ पर तस्वीर बनी है'

प्यारी लड़की  मौन खड़ी थी, आंखें ज्यों बादल दिखती थीं, ज़ुल्फों  की  छाई थी बदली, हाथों   में    कंगन   थे    पूरे, लहंगे  के   भी  रंग   सु...