ज़ुबां अपनी यहां मैं खोलता हूं तो समस्या है,
कही मैं बात तेरी बोलता हूं तो समस्या है।
हकीकत ज़िन्दगी की या हमारी आरज़ू हो तुम,
कभी मैं बैठ कर ये सोचता हूं तो समस्या है।
मुझे अब डर महज़ इस बात का अक्सर यहां रहता,
तुझे अपना नहीं मैं मानता हूं तो समस्या है।
जरूरत कब पड़े किसकी पता इसका नहीं रहता,
सफ़र में साथ तेरा छोड़ता हूं तो समस्या है।
उछाली जा रही कीचड़ दिखावे के लिए पर मैं,
समस्या को समस्या बोलता हूं तो समस्या है।
लगी है होड़ दुनिया में समस्या को समझने की,
मगर अब हल नहीं मैं खोजता हूं तो समस्या है।
सजी अंजान सी महफ़िल हमारी ज़िंदगी में मणि,
ज़रा रुक कर डगर मैं देखता हूं तो समस्या है।
~ विकास मणि
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें