सोमवार, 18 जुलाई 2022

'उभरती हुई खाईं'


मैं मानता हूं,
तुम्हारे हर इक सलाह,
मायने रखते हैं,
हमारे जीवन के लिए।

मैं जानता हूं,
मुश्किलों का सामना 
करने के लिए,
तुम मुझे बना रहे हो,
वज़्र सा कठोर।

मगर
तुम्हें शायद ये नहीं मालुम,
अभी मैं नहीं हुआ हूं,
बौद्धिक रुप से परिपूर्ण।

जो मैं निकाल सकूं
तुम्हारे व्यंगो की मायनी.
और लागू कर सकूं जीवन में।

तुम्हें मालुम हो या न हो,
लेकिन मुझे मालुम है..
भविष्य की तैयारियां करते-करते,
हम दोनों अपने दरमियान में,
तैयार कर रहे हैं..एक खाईं।

~ विकास मणि 

रविवार, 17 जुलाई 2022

आखिर मेरी मंजिल क्या है ?


उम्मीदों  को  गिरवी  रख कर,
आंखों  में  आंसू  को भर कर,
बैठा  -  बैठा   सोच    रहा  हूं,
खुद  से   ये  मैं   पूंछ  रहा  हूं,
आखिर मेरी  मंजिल क्या है ?

दुनिया ने जिन-जिन सपनों में,
जीवन भर मुझको उलझाया !
उम्मीदों   ने   उन   सपनों   के,
पीछे  - पीछे    है    भटकाया !
सावन  से   धोका   पाकर  के,
पतझड़   से   मैं  पूंछ  रहा  हूं,
आखिर मेरी  मंजिल क्या है ?

किस पर मैं विश्वास करूं अब,
जब खुद पर विश्वास नहीं है !
किन सपनों को  बोलूं अपना,
जब  कोई  भी  पास  नहीं है !
तन्हाई    से     बाते     करके,
टूटे   मन   से   पूंछ   रहा   हूं,
आखिर मेरी  मंजिल क्या है ?

~ विकास मणि 

शनिवार, 16 जुलाई 2022

"बोली थी अम्मा मुझसे के,हाल - खबर कुछ देते रहना"


बोली  थी   अम्मा   मुझसे   के,
हाल - खबर  कुछ  देते  रहना !

जब से  छोड़ा  मां  का  आंचल,
बेगाने    से     घूम    रहे     हैं !
इन शहरों  की   गलियों  में हम,
मां   की   ममता   ढूंढ  रहे   हैं !
फिर भी  जाकर  अम्मा से तुम,
मैं   खुश  हूं  ये   कहते  रहना !
बोली   थी  अम्मा   मुझसे   के,
हाल - खबर  कुछ  देते  रहना !

जा कर  मत  अम्मा  से कहना,
पत्तों   सा   मैं  सूख   गया  हूं !
जा  कर  मत   बापू से  कहना,
संघर्षों    से    टूट    गया    हूं !
जब  भी  जाना  सम्मुख उनके,
हाल  बता  कर   हंसते  रहना !
बोली  थी  अम्मा    मुझसे   के,
हाल - खबर  कुछ  देते  रहना !

मेरे    पैरों    के    छालों    का,
भूले  भी  तुम जिक्र न करना !
मेरे   इन   मुश्किल   रस्तों   पे,
तुम भी  कोई  फिक्र न करना !
अम्मा   के    सारे   प्रश्नों   को,
आंख मिला कर  सुनते रहना !
बोली  थी   अम्मा   मुझसे  के,
हाल- खबर  कुछ  देते  रहना !...

~ विकास मणि

बुधवार, 13 जुलाई 2022

'आसमां को आज फिर उम्दा बता दिया'

आसमां को  आज फिर  उम्दा  बता  दिया,
बादलों  को  चांद  का   कंधा   बता  दिया।

ढूंढता  जिसको   रहा   मैं  रात  दिन  यहां,
देखकर  उसने   मुझे  अन्धा  बता   दिया।

उसने मेरी आंखों को दरिया जो कह दिया,
मैंने  उसके  होंठों  को  प्यासा  बता दिया।

यार  ये  जज़्बात  अब  तो   और  बढ़  गई,
दोस्तों  से   जो   उसे  अपना   बता  दिया।

जिक़्र ना  उसका  हुआ  जो  शे'र  में  यहां,
तो  ग़ज़ल को  लोगों ने  हल्का बता दिया।

नफरतों  की  खाईयां   जो  पाट  न  सका,
आज  उसने  इश्क़ को  धोका  बता दिया।

आज  मेरे  दिल  को  थोड़ा  सा  सुकून है,
मैंने जो  इक भटके को  रस्ता  बता दिया।

~ विकास मणि 

मंगलवार, 12 जुलाई 2022

"पुल"

कागज़ पर कुछ लिखते समय एक बच्ची मुझसे पूछ बैठी: भैया आप क्या कर रहे हो? पुल बना रहा हूं.. मैंने जवाब दिया।
पुल ? पुल तो ईंट और पत्थरों से बने होते हैं।
"मैं शब्दों को जोड़-जोड़ कर वाक्यों के पुल बनाता हूं; ताकि ये सभ्यता दूसरी पीढ़ी तक स्थानांतरित हो सके."

~ विकास मणि 

नदिया है तो इक दिन जाकर सागर से टकरायेगी

आखिर कब तक पागल लड़की हर दर से टकरायेगी,
नदिया है  तो  इक  दिन जाकर सागर से  टकरायेगी।

लोहे  को  मुरदार   बताने   वालों   थोड़ा   सब्र   रखो,
छैनी   हाथों   में   आते   ही   पत्थर   से   टकरायेगी।

~ विकास मणि 

मुरदार-मरा हुआ

उसकी यादों को तुराब दे नहीं सका

उसकी यादों  को  तुराब  दे  नहीं  सका,
यानी अपने दिल को दाब दे नहीं सका।

आई   मेरे  पास   और   लौट  भी   गई,
वस्ल का  पहला  गुलाब  दे नहीं  सका।

जिसमें  मेरे  इश्क़ की  लिखी हो दास्तां,
एक  भी  ऐसी  किताब  दे  नहीं  सका।

अब इसे  दुखद नहीं  तो  और क्या कहूं,
आज तक  उसको हिसाब दे नहीं सका।

जख़्म की वजह मुझसे पूछती रही मगर,
यावरी   को  मैं   जवाब   दे  नहीं  सका।

करके जिसकी  याद  सब उदास ही रहें,
मणि' किसी को ये अज़ाब दे नहीं सका।

~ विकास मणि

सोमवार, 11 जुलाई 2022

वर्तमान

रास्तों पर चलते-चलते जब कभी ठोकर खाकर मुंह के बल गिरते हैं, तब आभास होता है.. हमारा ध्यान रास्ते पर था ही नहीं। हमारा ध्यान उस रास्ते पर था, जो कई चौराहे पहले ही छूट गया है। जिस पर वापसी की कोई संभावना नहीं।

 मानव का सहज स्वभाव स्मृतियों में रहने का आदी होता है। हम अपने दुखों को कुरेदते हुए यह भी भूल जाते हैं, कि दुख भरे क्षणों को कुरेदने से हमारा वर्तमान कलुषित हो रहा है।
 
 हमें अपनी दिव्य दृष्टि भूत से हटाकर भविष्य पर केंद्रित करनी होगी... और यह तब संभव होगा जब हम वर्तमान को जी रहे होंगे।

~ विकास मणि  [डायरी से]

जल्दी पड़ी सबको यहां अपने जवाब की

जल्दी  पड़ी  सबको  यहां अपने जवाब की,
पर  पूछ्ता  कोई  नहीं  हालत  किताब की।

जो  कांप  उठते  थे  ये  बीयर बार  देखकर,
वो  कर  रहे हैं  इल्तिजा  मुझसे  शराब की।

हर  बात  पे  सबसे  यहां  तकरार  कर रहा,
वो  कर रहा  उम्मीद है  मुझसे  जवाब  की।

अब क्यूं  तेरी  मुस्कान  को  इग्नोर  मैं करूं,
तेरी  अदा  में  दिख  गई  खुशबू गुलाब की।

या  तो  हमारी  आंख  पे  पर्दा  है  झूठ  का,
या  रौशनी  कम हो  गई  है  आफताब  की।

जिस दिन से मैंने प्यार का इजहार कर दिया,
तब से  कशिश भी  बढ़ गई है  माहताब की।

~ विकास मणि

रविवार, 10 जुलाई 2022

नदी

हवाएं    स्वर    हैं,
बारिश   लय    है,
अश्रु जल ताल है,
झरने   संगीत   हैं,
और नदी एक गीत...

~ विकास मणि

मंगलवार, 5 जुलाई 2022

बरहौ बिगहा

'जथा नामे तथा गुणे' वाली कहावत तो आपने सुनी ही होगी। इसको सार्थक करता हुआ एक वाकया मेरे गाँव के ठीक उत्तर में 'बरहौ बीघा' से संम्बन्धित है।वो बरहौ बिगहा जो गवाह है मेरे बचपन की शरारतों का, वो बरहौ बीघा जिसकी छांव में मैंने साबुत चलना सीखा है,वो बरहौ बीघा जिसमें लगे पेड़ों के नीचे दुखी मन से विरह गीत गुनगुनाये है तो खुशी मन से ऊ..ला..ला धुन पर थिरके हैं।

आज कई दिनों के बाद गाँव जाना हुआ। लिहाजा कुछ स्मृतियाँ अंतर्मन में हिलोरें लेने लगी। दरअसल इक्कीस का प्रोटोकॉल बहुत ही अनुशासनात्मक होता हैं। उम्र के इस पड़ाव पर लोगों के तमाम भ्रमों को बनाये रखने का बड़ा मानसिक दवाब रहता है।रहे भी क्यों न? वर्षों से अच्छे दिनों की आस में बैठी नीली आंखों को इस दुबले पतले नौजवान से बहुत उम्मीदें हैं।गाँव का नाम आते ही मेरे हृदय में समाई बरहौ बिगहा की एक धुंधली सी तस्वीर उभर ही आती है और जब भी 'बरहौ बीघा' की यादें आंखों के सामने से गुजरती हैं तो मन में मीठा-सा कोलाहल पैदा हो ही जाती है। 

 कभी-कभी मन करता है कि खुशी के मारे उछल पड़ूँ।क्यों नहीं ? उछलना कौन-सी बड़ी बात है, वो भी मेरे लिए। जेठ बैशाख की गर्मियां तो लंगड़ी, बर्फी ,सुत्ता-पहाड़ एवं तरह-तरह के गंवई खेल खेलते हुए ही बीतती थीं। उन दिनों की चटपटी स्मृतियों, मन में उठ रही खुशियों को हिन्द की लहरों की तरह किसी रामेश्वरम् को सामने पाकर मन को शान्त कर लेता हूँ।

सबसे पहले तो बरहौ बीघा के नामकरण पर बात करते हैं। इसके नामकरण का किस्सा भी बस वैसा ही है जैसे अधिकतर उत्तर भारतीय परिवार के बच्चों का नामकरण का होता है। जैसे- होली में जन्मे बच्चे का नाम होरी , मंगल को जन्मे बच्चे का नाम मंगली और बरसात में जन्मी लड़की का नाम बरखा रख दिया जाता है।नामकरण की पद्धति यहाँ तक तो कुछ ठीक है। एक बार मेरे दादा एक गाय खरीद कर लाए। जिस व्यक्ति से गाय खरीदी गई थी उसका नाम राम करन था फिर क्या, सबने गाय का नामकरण किया " रमई काका वाली गाय " और जब तक गाय थी तब तक हमने उसे इसी नाम से पुकारा। नामकरण की कई घटनाएं याद आ रही हैं, जिनका जिक्र फिर कभी करूँगा।

इन्हीं किस्सों से मिलता जुलता एक किस्सा 'बरहौ बीघा' के नामकरण का भी है। शुरूआत में जब मेरे कानों में 'बरहौ बीघा' शब्द पडा़ तो मुझे लगा उस जगह विशेष को चिन्हित करने के लिए किसी संज्ञा का सहारा लिया जा रहा है जो कि सही भी था, लेकिन ऐसा क्यूँ?  ये जानने की उत्सुकता बराबर बनी रही। 

जब कुछ वर्ष बीत गए तो मेरे बाल मन में जिज्ञासा उत्पन्न हुई कि इस बरहौ बीघा के तिलिस्म से बाहर निकला जाये। 
फिर एक दिन अपनी दादी से जिन्हें हम लोग आजी कहते हैं, हमने  पूछ ही लिया कि आजी! बरहौ बीघा को बरहौ बीघा क्यूँ कहते हैं? 
प्रश्न सुनते अम्मा के चेहरे पर ऐसी चमक दिखाई दी मानो अरसों का कोई छिपा राज उजागर करने जा रही हों। दरअसल उनको ऐसा महसूस होना ही था,क्योंकि हम लोग उस तल्लीनता से रहस्य को सुनने के लिए बैठे थे ज्यों कोई सत्यनारायण कथा का छठा अध्याय सुनने के लिए बैठा हो,जिसका वाचन दुबारा दुर्लभ हो।

फिर अम्मा ने बताना शुरू किया...फलाने का जो चक(खेत) है, वो कुल मिलाकर बारह बीघा है, शुरुआत में जब कोई फलाने से पूछता था,कहाँ जा रहे हो? तो उनका सीधा जवाब होता था बारह बीघा.... फिर धीरे-धीरे अपभ्रंश हुआ और बारह बीघा खेत 'बरहौ बीघा' के नाम से जाना जाने लगा।रहस्य खुलते ही आश्चर्य कम हंसी ज्यादा आ रही थी...

बरहौ बीघा सिर्फ बारह बीघा जमीन ही नहीं बल्कि बच्चों के लिए खेल मैदान, पशुओं के लिए चन्नी, लोगों के लिए अस्थाई बतकूचन की चौपाल,  बूढों के लिए रस्सी भांजने का स्थान तो किसानों के लिए खलिहान बनाने की पसंदीदा जगह थी जिसके इर्द गिर्द खरही छाई रहती थी। बरहौ बीघा के ही हिस्से में लगा आम का बगीचा उसमें चार चाँद लगा रहा था। 

कुछ समय में बरहौ बीघा की प्रसिद्धि इस तरह हुई कि आस-पास के सभी खेतों की गिनती भी बरहौ बीघा के अन्तर्गत ही होने लगी। किसी घर का कोई बच्चा अगर लापता होता, तो उसके बरहौ बीघा में होने की संभावना अधिक होती थी। हो भी क्यों न, गाँव का उत्तर टोला भी बरहौ बीघा के नाम से ही जाने जाना लगा था।

जहाँ तक बरहौ बीघा से मेरा जो व्यक्तिगत रिश्ता है, वो ढेर सारे खट्टे मीठे अनुभवों से भरा हुआ है।
घर से निकलते ही मेरे पांव बरहौ बीघा में ही रुकते थे। वही एक मात्र जगह थी जहाँ दोस्तों से मिलना होता था।बरहौ बीघा हम बच्चों के लिए तथाकथित रूप से प्रतिबंधित वस्तुओं को छुपाने की सबसे सुरक्षित जगह होती थी।चाहे वो कंचे हो या सिप्पी; ये बात अलग है कि अकसर वो कीमती वस्तुएँ अघोषित चोरों द्वारा चुरा ली जाती थी। 

समय बदला, देश बदला, लोग बदले तो बरहौ बीघा चिरस्थाई कैसे रह सकता था? बरहौ बीघा में लगे अधिकतर पेड़ों को काट कर लोगों की अन्तयोष्ठि में जला दिया गया। उसके कुछ साथी पेड़ के वियोग में सूख कर धराशायी हो गये।

बेरोजगारी और बेगारी से त्रस्त गाँव के लोगों ने दूसरे शहरों में ठिकाना तलाशना शुरू कर दिया और इधर धीरे-धीरे बरहों बीघा भी सरकारी नीतियों व धन के अभाव में एकांत होता चला गया। इतना एकांत कि बरहों बीघा पहले दस बीघा हुआ,फिर आठ हुआ, फिर चार हुआ और फिर बरहौ बीघा बरहौ बीघा न रहा.... 
रह गईं तो उसकी झीनी स्मृतियाँ जो गाहे-बगाहे मन मस्तिष्क में उभरती हैं। ये स्मृतियाँ कभी मन में खुशियों की लहर पैदा  करती है तो कभी आंसुओं में तब्दील हो जाती है.... 

~ विकास मणि

संभलता था संभलता हूं संभलता ही रहूंगा मैं

संवरता  था  संवरता  हूं  संवरता  ही   रहूंगा  मैं,
महकता  था  महकता हूं  महकता  ही  रहूंगा मैं।

खुदा ने जो  हमारे पांव में  ठोकर लिखी तो क्या,
संभलता था  संभलता हूं  संभलता ही  रहूंगा मैं।

तुम्हारी इक झलक पाने को इन वीरान गलियों में,
भटकता  था  भटकता  हूं  भटकता ही  रहूंगा मैं।

अभी बदला नहीं मकसद  हमारे दुश्मनों का भी,
खटकता था  खटकता हूं  खटकता ही  रहूंगा मैं।

तुम्हारे साथ ही अक्सर बदल किरदार भी अपना,
गुजरता था   गुजरता हूं   गुजरता  ही   रहूंगा मैं।

हजारों बार गिरकर के  नहीं छोड़ा सफर अपना,
निखरता था  निखरता हूं  निखरता ही  रहूंगा मैं।

अभी अच्छा नहीं लगता  सुने मणि बेवजह बातें,
बिगड़ता था  बिगड़ता हूं  बिगड़ता ही  रहूंगा मैं।

~ विकास मणि

सोमवार, 4 जुलाई 2022

ख़ामोशी

मैं लिखना चाहता था,
सूर्य पर एक कविता,
लेकिन डरता था सूरज के तपिश से।

मैं करना चाहता था,
चांद के धब्बों का जिक़्र,
पर डरता था, उसकी
अमावशी बगावत से।

मैं सुनना चाहता था,
झींगुरों की आवाज़..
पर सहम जाता था हृदय
गहरे सन्नाटे से।

मैं पढ़ना चाहता था,
आर्यों का इतिहास,
पर डरता था.
मुगलों के शाही फरमान से।

ख़ैर.. हमने चुनी ख़ामौशी।

~ विकास मणि

झींगुर

वर्षों से सुनता आ रहा हूं,
अपने अन्दर,
झींगुरों की आवाज़।

आज गायब हैं सारे झींगुर,
छुप गए हैं किसी बिल में।
उन्हें दिख गया है कोई अशुभ संकेत,
छा गया है गहरा सन्नाटा।

गहरे सन्नाटे को देखकर,
तड़पने लगी है आत्मा।
छा गई है उदासी..
धधकने लगा है हृदय।

पूंजीवाद की अंधी दौड़ में,
दौड़ते हुए महसूस कर रहा हूं,
प्रकृति व मानुष्यता के लिए 
कितना जरूरी है झींगुरों का बोलना..

~ विकास मणि

वसंत

बौरों की झीनी सुगंध में डूबी
कुहुकती कोयल मुझसे पूछती है-

वसंत को कभी देखा है ?

कितना अजीब है,
पानी में तैर रही मछलियां,
जल का स्वाद पूछ रही हैं।

~ विकास मणि

चकवा

रात हो गई !
सभी जीव आराम कर रहे,
प्रियजन संग..

ऋषी-मुनी भी
अपराधी  भी,
राजा और कलंदर भी ,
जंगल के सब जीव जन्तु भी

पृथ्वी की दसों दिशाएं भी,
गणिक और गणिकाएं भी।

फिर भी सदियों से घनी रात में,
नदी घाट पर शापित चकवा,
कर रहा पापों का प्रायश्चित।

~ विकास मणि

रविवार, 3 जुलाई 2022

शहर में गांव

आसमान की नीलिमा,
सरसराती  हुई  हवाएं,
वृक्षों    का    लहराना,
पक्षियों   का   कलरव,
और  ये धूप छांही रंग,
ये  भी  कोई  शहर  है..
मानो शहर में गांव उतर आया है।

~ विकास मणि

सौभाग्य

सहसा उसने मुझसे कहा:
थोड़ा तेज चलो।

मैं दौड़ पड़ा..!

पैरों में चुभते रहे कांटे,
रिसते रहे खून।

मैं गिरता रहा,
संभलता रहा,
दौड़ता रहा..

ये सोचते हुए,
गिरना मेरी नियति है,
संभलना मेरा पराक्रम है,
दौड़ना मेरा कर्म है,
और दौड़ते रहना मेरा सौभाग्य।

~ विकास मणि





मृत्यु

....
.......
जब  हमारे पास.
जीवन जीने का वक्त होता है,
तब हम मृत्यु का राग अलाप रहे होते हैं।

और,
जब मृत्यु हमारे करीब होती है,
हम जीवन जीने का ढ़ोंग करने लगते हैं।

~ विकास मणि

गीत

चल अच्छा..! अब तू ही जीता,
मैंने   अपनी   हार   मान   ली !

कल  तक  लड़ते  थे लहरों  से,
पर  तिनके  से  दहल  गये हो ।
मुझको क्या मालुम था कि तुम,
इतने  दिन  में  बदल  गये हो ।
जज़्बातों  के   उन  लम्हों  को,
मैंने   भी   तकरार  मान   ली ।
चल अच्छा..! अब तू ही जीता,
मैंने   अपनी   हार   मान   ली !

एक  बरस   में   कितने  मौसम,
आते    फिर   जाते   रहते   हैं ।
उसी  तरह  इस   जीवन  में  भी,
ये  सुख - दुःख  आते  रहते  हैं ।
उठती - गिरती  इन   सांसों  को,
मैंने   भी   ललकार   मान  ली ।
चल अच्छा..! अब तू ही जीता,
मैंने   अपनी   हार   मान   ली !

प्रश्नों   की   उत्तर   के   खातिर,
हर - पल  ख़ामोशी ठीक नहीं ।
तन   की  दूरी  तो  ठीक  मगर,
ये  मन  की  दूरी   ठीक  नहीं ।
उलटे - सीधे   कुछ   प्रश्नों  को,
मैंने  भी   कतवार   मान   ली ।
चल अच्छा..! अब तू ही जीता,
मैंने   अपनी   हार   मान   ली !

~ विकास मणि

सहारा

मुझे याद है,
जब तुमने मुझे
बेसहारा छोड़ दिया..

तब आकाश में उड़ते पक्षियों ने मुझे,
रत्ती भर छांव दिया था।

मरुस्थल के मृग-मरीचिकाओ ने
अंजलि भर पानी दिया था।
और गांव-गांव भटक रहे घुमंतुओं ने
रहने का ठौर दिया था।

जिनसे मुझे कोई उम्मीद नही,
वो मुझे सहारा दे रहे थे।

उस वक्त तुम कहां थे ?

~ विकास मणि

पागल

कितना अच्छा होता,
अगर  मैं  होता  एक  पागल...!

मेरे पास होता एक अद्भुत गट्ठर
जिसमें छुपाकर रखता अपार खुशियाँ
और बे'वजह पड़ी वस्तुओं से पूछता
उन लोगों के बारे में
जो उन्हें अपदार्थ समझकर त्याग चुके हैं।

एक गन्ने का मजबूत लट्ठा अपने पास रखता
और उनके गाँठों को निहारता रहता
जो दीवार बनकर पूरे गन्ने को कई भागों में बाटते हैं।

उस लट्ठे पर प्लास्टिक की रंगबिरंगी पन्नी सजाकर रखता
जिसको स्पर्श करने के लिए तितलियों के बीच होड़-सी होती।
एक गोल टोपी होती जिसे रद्दी कागजों द्वारा  इस कदर सुसज्जित करता जैसे किसी दूल्हे का सेहरा हो।

कमर में बैंगनी रंग का मफलर
रस्सी के साथ इस कदर बाँधता
जैसे कोई सिपाही युद्ध के लिए तत्पर  हो।

पाँव में पहन कर रखता सडक बनाने वालों का जूता
क्योंकि मुझे देखना रहता उन जूतों की दुनिया
जो अपनी दुनिया के ऊँट हैं।

फिर उन जूतों पर डाल लेता जूट की बोरी
जो जूतों को और काला होने से बचाती।

कुर्ता तो पहन नहीं सकता
क्योंकि मेरा सहयात्री देशी कुत्ता
(जिसे कूकुर कह सकते हैं)
मुझे अपना विपक्षी समझ लेता
फिर वर्चस्व की जंग छिड़ जाती
इसलिए कुर्ते की जगह कोई फटा हुआ मटमैला शर्ट (जिसे बूशर्ट कह सकते हैं)
पहन लेता
जिसके बाँह की बटन को स्वतंत्र रखता
क्योंकि वो मुझे आजाद होने का अहसास कराती।

फिर पैजामा पहन लेता फिर पहन लेता टोपी
ताकि जब भी पक्षियों को बैठने को कहीं जगह न मिले
तो वो बे'झिझक
मेरी टोपी को किसी चौराहे पर खड़े मेरे आदर्श की रक्षा कर रही छतरी समझकर आराम कर सकें।

किसी सफाई कर्मी की गुलाबी रंग की ड्रेस
(जिसे पहचान वस्त्र कह सकते हो)
किसी कूड़े के ढेर से उठाकर पहन लेता
और फिर कन्धे पर गमछे नुमा कपड़ा डाल लेता
जो किसी पुष्पहार से कम न होता...

फिर जाकर किसी छायादार नीम की छाँव के तले बैठकर
अपनी महफिल सजाता
दो चार कुत्ते(कूकुर)
मेरा गट्ठर
पैजामे के जेब में पैसे की जगह खनकने वाले पत्थर के छोटे-छोटे टुकड़े और भी बहुत कुछ
जो हमारी बातें सुन व समझ सकते
महफ़िल का हिस्सा बनते।

मैं अपने सतरंगी लट्ठे को अपने कंधो पर टिकाकर
इक दम एकांत होकर
(उतना एकांत जितना पृथ्वी का पहला सृजन रहा होगा)
इस समूचे आकाश मंडल को अपलक निहारता रहता
और कोशिश करता रहता भूख प्यास पर विजय पा लेने की !

फिर मैं शुरू करता गुफ़्तगू सृष्टिकर्ताओं से
एक नये कायनात की
जो वर्तमान से बिल्कुल हटकर हो इकदम अलग।

जिस पर हमारे आस-पास की वस्तुयें अपना-अपना विचार प्रकट करतीं
और हाँ, वो विचार सत्ता या शक्ति के लिए नहीं रखतीं
अपितु अपने हक के लिए अपनी सुरक्षा के लिए
क्योंकि वो वस्तुयें भी हमारी तरह
शायद बेघर रहतीं
या सभ्य होने के शर्त से कोसों दूर....!

हवा की मन्द-मन्द लहर माध्यम बनती मेरे व सृष्टिकर्ता के बीच में होने वाले वार्तालाप की...

निर्जीव लोग मुझे देखते
और प्रकट करते अपनी-अपनी संवेदनाएं-

कुछ तो हँसते मेरे ऊपर !
और कुछ सभ्य थूकते भी !

यही दो लक्षण हैं
जिसके विलुप्त होते ही व्यक्ति पागल हो जाता है...!

इसलिए दूसरों पर हँसते रहिए,थूकते रहिए
यही हमारे आधुनिक होने का प्रमाण है...!

~ विकास मणि 

मौन

मौन, 
कुटिलता नहीं..! 

अपितु,
परिस्थितियों का समय को दिया गया 
एक शब्द रहित जवाब है।

~ विकास मणि

मेरे विचार

मेरे विचार, 
न तो गांधी के विचारों की तरह, 
सत्यता से परिपूर्ण हैं.. 
न तो गोडसे के विचारों की तरह, 
कट्टरता से प्रेरित... 

मेरे विचार, 
न तो वैसाख की तरह तप्त हैं, 
और न ही पूस की तरह, 
निहायत ठंड... 

मेरे विचार, 
न तो मरुभूमि में उगे नागफनी हैं, 
और न ही पहाडों पर उगे देवदार.. 

मेरे विचार, 
सिर्फ मेरे विचार हैं, 

जिनका जन्म, 
असफलताओं की दहलीज पर, 
दुखों के उद्गार से हुआ हैं..

जो आज भी कर रहे हैं, 
किसी पतझड़ की तरह, 
परिमार्जन.. 

जो आज भी सीख रहें हैं, 
वसंत से.. 
दुबारा खड़े होने की कला...!!! 

~ विकास मणि

मैं और विज्ञान

मैं जानना चाहता हूं,
क्वांटम फिजिक्स...
ताकि तुम्हें समझा सकूं,
संसार के कुछ अनसुलझे हुए रहस्य।

मैं जानना चाहता हूं,
प्रत्यास्थता के नियम...
ताकि तुम्हें बता सकूं,
कि जीवन पर प्रभाव डालने वाले, 
विरूपक बलों का विरोध करना, 
कितना जरूरी होता है।

मैं जानना चाहता हूं,
गुरुत्वाकर्षण के सिद्धांत,
ताकि मैं तुम्हें समझा सकूं,
कि क्यूं खिंचा चला आता हूं तुम्हारी ओर।

मैं जानना चाहता हूं,
वृत्तीय गति..
ताकि मैं कर सकूं तुमसे, 
जीवन चक्रों का रहस्योद्घाटन...!

और,
फिर मैं तुमसे करूंगा उम्मीद,
तुम्हारे आदर्श अवस्था की।
ताकि तुम ता'उम्र करती रहो,
धूप-छांव ठंडी-गर्मी सुख-दुख में,
एक समान व्यवहार..!

~ विकास मणि

भरोसा

मैं जानता हूं,
बदल चुकी है दुनिया,
बदल  चुके  हैं  लोग,
बदल गया है मौसम..!

फिर भी,
मुझे तुम पर भरोसा है,
बिल्कुल पहले जैसा।

ये पागलपन नहीं तो क्या है !

~ विकास मणि

इंतजार

मैं जानता हूं, एक हाथ से नहीं बजाई जाती हैं तालियां। फिर भी.. मैं दीवारों को अपने एक हाथ से थपथपा रहा हूं।और कर रहा हूं इंतज़ार किसी अद्वितीय स्वर का.. 

लोग मेरे असफल प्रयासों को देख कर हँस रहे हैं,और कह रहे हैं विक्षिप्त जीव..

ख़ैर.. उन्हें क्या मालूम दीवार के उस पार भी बिल्कुल मेरी तरह कोई तालियां बजाने की तीव्र इच्छा से, पटक रहा है दीवारों पर अपना हाथ..!
.....

~ विकास मणि

कोरोना

मेरे मुहल्ले में फैला हुआ था चेचक,
उस वक्त मेरे सिर में शुरू हुआ दर्द,
प्रथम दृष्टया मुझे लगा,
मैं हो चुका हूं चेचक से ग्रसित ।
लेकिन ऐसा कुछ नहीं था..मैं पूर्णतः स्वस्थ था।

जब मेरे आस-पास के कुछ लोग ग्रसित थे डेंगू से,
तब मुझे बुखार हुआ और ठीक भी हो गया।
उस वक्त मैं बहुत खुश था।
मुझे लगा.. मैंने मौत को मात दे दिया।

फिर मुझे ज़ुकाम हुआ,
मैं डर गया, कहीं कोरोना तो नही।

नही..
ये प्रकृति द्वारा भेजा गया यक्ष था।
जो मेरे शरीर की तैयारियों का जायज़ा लेने आया था।

~ विकास मणि

स्मृतियां

उससे   बिछड़ते   हुए,
मैंने पूछा : कब मिलेंगे ?
उसने कहा : कभी नही!

मैंने पूछा : अगर याद आये तो ?
उसने कहा : समझ लेना मर चुकी हूं।

अब उसे कौन समझाए!

लोगों के मरने से,
और ज़िन्दा हो जाती हैं स्मृतियां।

~ विकास मणि

कहां है.. कहां है..

बांधे  थे   जो   तूने    पीपल   पे   धागे,
मांगी  थी  मन्नत   जो   मंदिर  के  आगे।
फेंके  थे   सिक्के  जो  नदियों में  जाकर,
बड़ी  ख़ुश  हुई  थी   मुझको  तू  पाकर।
वो  धागे  कहां  हैं ?  वो  मन्नत  कहां हैं?
वो सिक्के कहां हैं? वो खुशियां कहां हैं?
कहां हैं?   कहां हैं?   कहां हैं?  कहां हैं?
.......

~ विकास मणि

अनसुलझे सवाल

तुम   भी   खुद   को   क़ैद   करके,
जवाब   देने   से    बच   रही   हो।
मैं भी  ख़ामोशियां  इख़्तियार करके,
लोगों  के  सवालों  से  बच  रहा हूं।
मानों    सदियां    गुज़र    गई    हों,
सूरज  भी  तुमको   ना  देख  पाया।
एक    लम्बे    अरसे   से    मैं   भी,
कहीं    घूमने     जा    ना     पाया।
वो   तिराहे  की   सड़क   अब  भी,
ट्रैफिकों       से       तंग      होगी।
उस   नीम   के   नीचे    अभी   भी,
धूप      छांही       रंग        होगी।
कुछ- कुछ   रंग    होंगे    याद   के,
कुछ   आज   के   कुछ   बाद   के।
अगर  मैं  जाऊं   फिर  से  वहां  तो,
ढ़ेरों    अनसुलझे     सवाल    होंगे।
अगर   मैं   दूंगा   जवाब   सच-सच,
तो   गलियां    सारी   उदास   होंगी,
वो     रस्ते    सारे    उदास     होंगे।

~ विकास मणि

प्रतीक्षा

तुम्हारी हथेलियों पे उकेरी गईं तितलियां,
उड़ने के लिए तड़प रही हैं।

जाओ... जाकर देखो,
किसी सर्द मौसम के सपने,
तुम्हारी प्रतीक्षा कर रहे हैं।

तुमने जो बालू की ढूह पर,
खिलखिलाते बच्चे की तस्वीर बनाई थी,
उसे बारिश की बूंदों ने रुला दिया है..

~विकास मणि

वसंत और स्मृतियां

सुनो !
तुम्हें कोई वसंत की दहलीज़ से,
आवाज़ दे रहा है।

अतीत तुम्हारा पीछा कर रहा है।

भागो...अपने आप को बचाओ,
वरना स्मृतियां तुम्हें घायल कर देंगी।

~ विकास मणि

समझदारी

पहले ने दूसरे से कहा,
मैं समझदार हूं।

दूसरे ने तीसरे से कहा,
ये समझदार है।

तीसरे ने चौथे से कहा,
वो समझदार है।

चौथे ने पहले से पूछा,
सुना है कोई यहां समझदार है ?

पहला चीखते हुए बोला,
किसने कहा..?

"इस तरह समझदारी बदनाम होने से बच गई।"

~ विकास मणि

आखिरी बस


मैं चौराहे पर खड़ा,
कर रहा था इंतजार,
एक बस का
जो मुझे पहुँचा सके
मेरी मंजिल को..!

दूर से आते हुए,
हर वाहन
व उनकी आवाजें, 
मुझे डाल देती थी भ्रम में...
और मैं,
हर बार तत्पर हो जाता,
उस पर बैठने के लिए...

मगर हर बार
मुझे,
मिलती थी..
केवल निराशा,

क्योंकि वो
या तो नहीं होते बैठने लायक,
या कर चुके होते थे अनुबन्ध,
किसी और यात्री से, 
मंजिल पर पहुँचाने के लिये. ..! 

कभी ट्रक में,
मुझे बस दिखती, 
कभी टैम्पो में,
मुझे बस दिखती,
कभी-कभी तो मुझे
रिक्शे में भी देखने लगती,

अक्स...मेरे बस की! 

बार-बार की निराशा ने,
मुझे बना दिया था निष्ठुर !
और मैंने
रास्ते को देखना बन्द ही
कर दिया,
मुझे लगा
मेरी बस आकर आवाज देगी मुझे,

तभी
एक बस गुजरी
जिसे आज मैंने,
समझ लिया था एक मालगाड़ी...!
जो मुझे
लेकर जाती सकुशल
मेरी मंजिल पर... 

मगर
ये आखिरी बस छूट गई
क्योंकि ये बस
बिना आवाज दिए ही निकल गई...! 

और मैं
आज तक खड़ा हूँ,
उस बस के इंतज़ार में
जो
मुझे लेकर जा सके,
मेरी मंजिल पर....!!!

~ विकास मणि

लड़के

प्रिय-
जब भी मैं चलता हूं साइकिल से,
तो लोग कहते हैं..!
ये देखो-
इक्कीसवीं सदी के गांधी जी..।

जब मैं चलता हूं बाइक से,
तो लोग कहते हैं...!
ये देखो-
अभी से चढ़ गई रईशी...।

जब मैं खेलने जाता हूं,
तो लोग कहते हैं..
इस उम्र में और खेल..…!
क्या जमाना है...?

जब खुद को घर के अंदर,
कर लेता हूं, क़ैद...
तब भी मुझे लोग,
कहना शुरू कर देते हैं...
कूपमंडूक...।

अब तुम्हीं बताओ,
मैं  क्या  करूं....?

जिस भी रास्ते से निकलता हूं,
तो लोग मुझे इस तरह देखते हैं,
जैसे मेरा हो चुका हो..
 देश-निकाला..!
और घोषित कर दिया गया हो,
आतंकी...।

वो मेरे जूतों से लेकर,
उलझे बालों तक की,
हर स्थिति पर 
कसते रहते हैं फ़ब्तियां...!

हम लड़कों के साथ 
ये सब कुछ आम है,
लड़कों को हमेशा,
देखा जाता है.....
शक की निगाह से....!
चाहे गांव का तिराहा हो,
या किसी शहर का चौराहा....।

और तुम-
तुम्हारे साथ में होती है,
लोगों की संवेदनाएं.....!

तुम खुद को कभी नहीं पाती,
अकेला....
हर जगह कोई न कोई 
मिल ही जाता है..
तुम्हारे दुःख को बांटने के लिए....!

प्रिय-
अब तुम्हीं बताओ...?
इस देश में ज़ियादा सुरक्षित कौन है..?

लड़के या लड़कियां.......

~ विकास मणि

"मेरे हिस्से की खुशियों को, जग से तुम अनुबन्धित कर दो"


मेरे   हिस्से   की  खुशियों  को, 
जग से तुम अनुबन्धित कर दो!

कितनी   बार  कहा  सावन  से,
रहने  दो कुछ  पतझड़ ख़ातिर! 
कितनी  बार  कहा  पतझड़  से,
रहने  दो   कुछ  भँवरों  ख़ातिर! 
कितनी   बार   कहा  भँवरों  से,
रहने  दो  कुछ  कलियों ख़ातिर! 
कितनी  बार  कहा  कलियों  से, 
मन  को  आज सुगन्धित कर दो, 
मेरे   हिस्से   की   खुशियों   को,
जग  से  तुम अनुबन्धित कर दो! 

कितनी  बार   कहा  बादल   से,
मरूभूमि  को   सिंचित  कर  दो,  
कितनी  बार   कहा   नदियों  से,
प्यासों  को   तुम  मत  तड़पाओ, 
कितनी  बार   कहा   प्यसों   से,
गंगा   को    होंठों   पर    लाओ,
कितनी   बार   कहा   होंठों   से, 
तृष्णा  को  प्रतिबन्धित  कर  दो,
मेरे    हिस्से   की   खुशियों   को, 
जग  से   तुम अनुबंधित कर  दो, 

कितनी    बार    कहा    तारों   से, 
सूरज     की     तनहाई     समझो, 
कितनी    बार    कहा   सूरज   से,
लोगों     की    अँगड़ाई     समझो,
कितनी    बार   कहा    लोगों   से,
सत्ता     की     तरूणाई    समझो, 
कितनी    बार    कहा    सत्ता   से, 
पतझड  से   सम्बन्धित   कर   दो, 
मेरे    हिस्से    की   खुशियों    को, 
जग  से  तुम अनुबंधित  कर दो..!

~ विकास मणि

लाइब्रेरी


हर बार लाइब्रेरी में,
अपनी पसंदीदा किताबों को,
छोड़ कर आता हूं अधूरा।

ताकि बनी रहे एक वजह,
उन किताबों के बहाने,
दुबारा उन किताबों की,
दुनिया में जाने की...!!!

~विकास मणि 


घरौंदा


मैं आज भी बनाता हूँ एक घरौंदा...

कभी मिट्टी से,
कभी बालू से,
कभी पत्थरों से,
तो कभी ताश की पत्तियों से...

और जब कुछ नहीं मिलता,
तो बस
ख़्वाबों में ही गढ़ने लगता हूँ
बचपन का वो घरौंदा, जिसमें,
छुपाकर रखता था,लकड़ी के गुटके,
काँच की गोलियाँ,
प्रचलन से मुक्त सिक्के,
व मिट्टी के काल्पनिक बर्तन...

पूरे दिन करता रहता था जिसकी सफाई
उतनी बार शायद अब एक वर्ष में भी नहीं करता,

घरौंदे का सबसे महत्वपूर्ण हिस्सा होती थी,
वो सीढ़ियाँ...
जिन्हें मैं बड़ी शिद्दत के साथ बनाता था..
जो मुझे लेकर जाती थी आकाश की तरफ...

छत के किनारों पर,
बनाता था एक छोटी सी दीवार
जो मुझसे ज्यादा मेरे  खिलौनों की करती थी सुरक्षा.

उसके मुख़्य दरवाजे पर
लगाता था,आम की पत्तियों से बने ताले,
जिसके अँधेरे हिस्सों को गौधूल में रौशन कर देती थी माँ,

और बताने लगती थी
घरौंदे को और बेहतर सजाने के तरीके...

आज उस घरौंदे को देता रहता हूँ
रोज नया-नया रंग..
क्योंकि मुझे डर है
कहीं भूल न जाऊँ वो रास्ता,

जो मुझे लेकर जाता है सुकून की तरफ....
ऐसा सुकून जो सिर्फ बचपन देता था...

~ विकास मणि 

तुम और झूठ


तुम्हारा झूठ से रिश्ता,
बिल्कुल वैसा ही है..
जैसे किसी आम के पेड़ पर,
फैल चुकी हो अमरबेल की,
लताऐं....!

मैं जानता हूं,
तुम नहीं देना चाहती थी,
अमरबेल की लताओं को, 
अपनी शाखाओं पे शरण....!

तुम्हें मालूम था,
तुम्हारी  हरियाली को,
दिन-ब-दिन अमरबेल की लताऐं,
कर रहीं हैं पीला...!

मगर तुम, 
ता-उम्र बनी रही अनजान।

काश !
तुमने उसी वक्त उठाई होती,
आवाज़...!
और जोर के हिलोरों से,
झटक देती अमरबेल की, 
लताओं को।

तो आज तुम नहीं लड़ रही होती,
अपने अस्तित्व की जंग....!!!

~ विकास मणि

बेचैन बच्चे

कोई अगर मुझसे पूछेगा इक दिन,
सवाल क्या है? जवाब क्या है? हिसाब क्या है?
तो उससे मैं भी कहूंगा सुन लो,
ये बेचैन बच्चे,तड़पती आहें, उलझते सपने,
इससे बड़ा इस जहान का सवाल क्या है!
रही कसर जवाब की तो इंतज़ार करना,
हिसाब अब तक किया नहीं है,
जवाब अब तक दिया नहीं है।

~ विकास मणि

तुम कहां हो.

जिस जगह तुमने,
उम्मीदों का बीज रोपा था,
वहां पौधे निकल आए हैं।

जिन पौधों को तुमने,
आंसुओं से सींचकर बड़ा किया था,
वो बड़े होकर पेड़ हो चुके हैं।

पेड़ की जिन टहनियों पे तुमने,
अपनी नर्म अंगुलियों से 
प्रेम की परिभाषाएं लिखी थी,
वो अब सूख रही हैैं.।

तुम कहां हो..?

~ विकास मणि

नासमझी

सदियों से लड़ा जा रहा है युद्ध,
हर कोई एक-दूसरे पर.
आक्षेप लगाने में व्यस्त है।

सभ्यताओं की खुदाई जारी है,
हम श्रेष्ठता की लकीरें खींचते-खींचते,
सिमट रहे हैं।

हवाएं देख रही हैं.. मुस्कुरा रही हैं।

मानो धूल उड़ाते बच्चे,
परछाइयां पकड़ने का अभिनय कर रहे हों।

~ विकास मणि

ईश्वर और कविताएं

हम ईश्वर को..
मन्दिरों में खोज रहे हैं।
और ईश्वर हमें कविताओं में।

हम एक दूसरे की पहुंच से,
अभी भी बहुत दूर हैं।

~ विकास मणि

'काग़ज़ पर तस्वीर बनी है'

प्यारी लड़की  मौन खड़ी थी, आंखें ज्यों बादल दिखती थीं, ज़ुल्फों  की  छाई थी बदली, हाथों   में    कंगन   थे    पूरे, लहंगे  के   भी  रंग   सु...