हर जगह पर सादगी का कायदा अच्छा नहीं,
गुनगुनाती महफ़िलों में ग़मज़दा अच्छा नहीं।
सोचता हूं मैं हकीकत बोलना अब छोड़ दूं,
यार अब यूं हर किसी से फासला अच्छा नहीं।
वो बताते हैं वहां मिलती दवा हर मर्ज की,
पर तज़ुर्बा बोलता है मयकदा अच्छा नहीं।
चाहता हर शख्स है अब हो मुकम्मल प्यार ये,
पर जहां का मज़हबी ये दायरा अच्छा नहीं।
प्यार के हर मसअलों का हल निकालो बात से,
बोतलों के साथ में ये रतजगा अच्छा नहीं।
तुम इसे बोलो सियासत या खिलाफत बोल दो,
मुफ़लिसों के नाम पर ये फायदा अच्छा नहीं।
क्यूं उलझते हो यहां इन उलझनों के साथ में,
उठ रहा जो आंख में मणि जलजला अच्छा नहीं।
~ विकास मणि
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें