बोली थी अम्मा मुझसे के,
हाल - खबर कुछ देते रहना !
जब से छोड़ा मां का आंचल,
बेगाने से घूम रहे हैं !
इन शहरों की गलियों में हम,
मां की ममता ढूंढ रहे हैं !
फिर भी जाकर अम्मा से तुम,
मैं खुश हूं ये कहते रहना !
बोली थी अम्मा मुझसे के,
हाल - खबर कुछ देते रहना !
जा कर मत अम्मा से कहना,
पत्तों सा मैं सूख गया हूं !
जा कर मत बापू से कहना,
संघर्षों से टूट गया हूं !
जब भी जाना सम्मुख उनके,
हाल बता कर हंसते रहना !
बोली थी अम्मा मुझसे के,
हाल - खबर कुछ देते रहना !
मेरे पैरों के छालों का,
भूले भी तुम जिक्र न करना !
मेरे इन मुश्किल रस्तों पे,
तुम भी कोई फिक्र न करना !
अम्मा के सारे प्रश्नों को,
आंख मिला कर सुनते रहना !
बोली थी अम्मा मुझसे के,
हाल- खबर कुछ देते रहना !...
~ विकास मणि
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें