सोमवार, 27 फ़रवरी 2023

'काग़ज़ पर तस्वीर बनी है'

प्यारी लड़की  मौन खड़ी थी,
आंखें ज्यों बादल दिखती थीं,
ज़ुल्फों  की  छाई थी बदली,
हाथों   में    कंगन   थे    पूरे,
लहंगे  के   भी  रंग   सुनहरे,
होंठों  पे   छाई   थी   लाली,
गजरे  से  खुशबू  आती थी,
मैंने  यूं  ही  पलट के  पूछा,
अब ये  ख़ामोशी  तोड़ो  ना,
राज़ दिलों के कुछ खोलो ना,
उसने भी  लजियाकर  बोला,
इक  पागल से  रंग  जमा  है,
काग़ज़  पर  तस्वीर बनी है।

~ विकास मणि

सोमवार, 20 फ़रवरी 2023

हिज़्र

हर गली मोड़ है बस रकीबों की ज़द
राह  चलते   वही   पूछते   खैरियत।
तेरी नूर -ए-नज़र, तेरा नूर-ए-ख़याल
आज  कल ज़हन में तेरे दिखता नहीं,
कैनवस  छीनकर  मुझसे जो ले गए,
उससे भी तेरे घर में  खुशी  है नहीं।

इश्क़ को जिसने दीं गालियाँ बारहा,
जिसने  चाही  हमेशा से  बरबादियां,
उससे  कैसे  कहूं  हम  जुदा हो गए,
एक  दूजे से  हम भी  ख़फ़ा हो गए।

~ विकास मणि

गुरुवार, 9 फ़रवरी 2023

'तुम हो... तो सब है'

तुम  हो...  तो  सब है।

ये  चंदा भी  सूरज  भी,
नदियां  भी  बादल  भी,
ये  तारे भी हैं  तुम्हीं  से,
तुम  हो...  तो  सब  है।

ये पर्वत भी  पत्थर भी,
पानी   भी   सागर  भी,
फूलों की खुशबू तुम्हीं से,
तुम  हो...  तो  सब  है।

कलियां भी गलियां भी,
किस्से  भी   नगमें  भी,
खुशियां भी हैं तुम्हीं से,
तुम  हो...  तो  सब  है।

~ विकास मणि

मंगलवार, 31 जनवरी 2023

उद्धरण 2

"कुछ लोगों की गलतियां भी बड़ी रचनात्मक होती हैं।"

"उम्मीद हमेशा सार्थक परिणाम देती है।"

"भले ही दो समान आवेशित कण एक दूसरे को प्रतिकर्षित करते हों परन्तु दुःख सदैव दुःख को आकर्षित करता है।"

"अश्लीलता शब्दों में नहीं हरकतों में होती हैं।"

"दुश्मनों के खुले हाथ कभी भी नुकसान पहुंचा सकते हैं।"

"अनुभव भले ही लाख बुरे हों परन्तु स्मृतियां सदैव सुखद एहसास देती हैं।"

"उदासी के रंग बड़े सुनहरे होते हैं।"

~ विकास मणि 
(तस्वीर- गूगल साभार)



'दूरी बढ़ती जायेगी इस खंजर से'

दूरी   बढ़ती   जायेगी   इस  खंजर  से,
अब  विश्वास  जताना  होगा अंदर  से।

हिज़्र के  किस्सों से  मैं  इतना डरता हूं,
जैसे   कोई   बच्चा   डरता  बन्दर  से।

दुनिया  को  विज्ञान  कहां  ले आया है,
और मैं अपना ख्वाब सजाता मंतर से।

बाहर  से  पत्थर  जैसा  लगता  है  पर,
शीशे  जैसा  नाजुक  है  वो  भीतर  से।

आज हुई मणि को फिर से  वो बेचैनी,
लगता है फिर गुजरा हूं  उसके घर से।

~ विकास मणि 

(तस्वीर- गूगल साभार)

बुधवार, 28 दिसंबर 2022

"चांदनी रात वो आज है आ गई"

था बुलाया  जिसे  जोर  देकर कभी, 
चांदनी   रात  वो  आज  है आ गई।

मिल   गए  हैं  मुझे  चांद  तारे  यहां,
गुलशनों  में   खिले   रंग  सारे  यहां,
नफरतों  को  दिलों से  हटा दें  जरा,
प्यार  के  जो  छुपाए  खजाने  यहां,
जिन फसानों से ये मन तुम्हारा रहा,
वो  कहानी  मुझे  आज  है  भा गई।
था बुलाया जिसे...

वो  नदी  घाट  पर  गुनगुनाती  रही,
रेत   को   देखकर   मुस्कुराती  रही,
थी सहज वो मगर  आज बेचैन क्यूं,
हाथ  से  हाथ  जो  आजमाती  रही,
है बढ़ी  इन लबों की खुशी भी यहां,
रोशनी  प्यार की  आज है  छा गई।
था बुलाया जिसे...

~ विकास मणि 
(तस्वीर - गूगल साभार)

उद्धरण 1


"शहर कितना भी खूबसूरत हो लेकिन यदि शहर परायेपन का बोध कराने पर उतारू हो जाए तो उसकी खूबसूरती इन आंखों को नहीं भाती।"

"...बाइस- तेईस बसंत देखने के बाद अच्छे बुरे का भान एक मूढ़ को भी हो जाता है।" 

"पुरुष लाख टूट चुका हो पर अपनी असफलताओं का रुदन नहीं करता।" 

"यदि मनुष्य का खोया आत्मविश्वास वापस आ जाए तो कितना भी मुश्किल लक्ष्य हो उसे आसान ही दिखता है।"

" हर शख्स के हृदय में कुछ ऐसे अदृश्य जख्म जरूर होते हैं, जिन्हें सहलाने से पीड़ा तो होती है परंतु पूरे शरीर में ऊर्जा का नव संचरण हो जाता है।"

"बार-बार की असफलता हमें इतनी निष्ठुर बना देती हैं। कौन क्या कह रहा है, क्या समझ रहा है आदि अनावश्यक चीजों को हम इग्नोर करना सीख जाते हैं।"

"समुद्र में भटके जहाजी को सौ योजन दूर भी प्रकाश कि लौ दिख जाए तो वो अपना जहाज तूफ़ानों को चीरता हुआ किनारे तक ले आता है।"

"...जो घने अंधेरे में झूठी तसल्ली भी नहीं दे सकता, उसे उजाले में सच्ची सोहबत देने का कोई अधिकार नहीं।"

~ विकास मणि

(तस्वीर- गूगल साभार)

गुरुवार, 17 नवंबर 2022

खिलंदड़ लड़की के नाम एक पत्र


आकांक्षा बहन,
पत्र लिखने का अपना रंग होता है अपना शिल्प होता है और इन सबसे बढ़कर कुछ शिष्टाचार होते हैं जो पत्र को पत्र बनाते हैं। लेकिन मैं दुस्साहस करते हुए, बिना शिल्प के  तुम्हारे लिए एक बेरंग पत्र लिख रहा हूं।
कहने को तो हम दोनों का साथ तेरह महीनों का है, पर कहने से क्या होता है? न तुमने कभी मेरे बारे में कुछ जानने की चेष्टा की और न मैंने ही.. मुझे तो सहपाठियों द्वारा सिर्फ़ इतना मालूम हुआ कि अमुक लड़की बहुत ही अच्छी खिलाड़ी है... इससे ज्यादा न तो कभी मैंने जानने की कोशिश की और न ही किसी हितेषी ने बताया ही।
आज तुम अपने बारे में कुछ लिखने को कही, तो मैं संकोच में पड़ गया था। ऐसा लगा मानो किसी ने मुझे कोई दुर्लभ कार्य सौंप दिया है, फिर एक क्षण बाद महसूस हुआ ये कार्य दुर्लभ कहां बल्कि बहुत ही सुलभ है.. डायट परिवार का कौन ऐसा सदस्य होगा जो तुम्हारी प्रतिभा से परिचित नहीं है..खेल और योगा का नाम आते ही सबकी जुबान पर सबसे पहला जो नाम  उच्चरित होता है, वो तुम्हारा ही है। तुम्हारी सहजता, सरलता और सुलभता ही तुम्हारी पहचान है। 
आज जब कभी हम बॉलीबॉल ग्राउंड में किसी लड़की को खेलते हुए देखता हूं तो सबसे पहले तुम्हारी छवि मेरी आंखों में उतर आती है। 
वैसे तो मेरा कभी खेल और खेल ग्राउंड से दूर दूर तक कोई नाता नही रहा है लेकिन मैंने शायद ही कोई ऐसा गेम होगा जिसे घंटों घंटों बैठकर कर ना देखा हो..जितना नशा लोगों को खेल खेलने का होता है उससे कहीं ज्यादा नशा मुझे खेल के दांव ओ पेंच देखने का है। 
मेरी निगाहें कहीं भी हो मैं कितना भी महत्वपूर्ण कार्यों में तल्लीन रहूं लेकिन यदि कोई अच्छा खिलाड़ी मैदान में हो तो मजाल है मेरी दृष्टि उस खिलाड़ी से विलग हो जाय। फिर मेरी निगाह उसी खेल मैदान में अटक जाती है। मैंने तुम्हें जितना देखा उतना सिर्फ खेल मैदान में ही चीते जैसी फुर्ती, सारस जैसी सतर्कता और चातक जैसे आत्मस्वाभिमान के साथ देखा है। मैं तुम्हें मैदान से बाहर क्लास रूम में भी यदि देखता हूं तो मेरी नज़रों में उसी खिलंदड़ लड़की की छवि उभरती है जो खेल मैदान में अपने खेल कौशल से प्रतिद्वंद्वियों की हालत खस्ता करके रखती है।
मैं उम्मीद करता हूं तुम नित अपने खेल कौशल को संवारते  हुए एक बेहतरीन खिलाड़ी के साथ साथ एक बेहतरीन शिक्षिका भी बनोगी।
                                                            आपका सहपाठी 
                       ‌‌                                        विकास मणि 







बुधवार, 9 नवंबर 2022

मेरो मन अनत कहाँ सुख पावै

रात को एक मित्र से बात हो रही थी।कहने लगे प्रत्येक मित्र मंडली को जोड़नी वाली एक न एक कड़ी जरूर होती है।रात से ही दिमाग लगा रहा था कि आखिर मेरी मित्र मंडली में ऐसी कौन सी कड़ी है..जो इतनी आत्मीयता बनी रहती है ? रात भर दिमाग़ खपाने के बाद निष्कर्ष निकला कि वो कड़ी मुन्नी बेगम हैं। जिनकी आवाज़ में हम लोग अपने-अपने सुख दुःख तलाशते हैं।
 वैसे बीच-बीच में कुछ लोगों का गाहे-बगाहे हृदय परिवर्तन भी होता रहता है। लेकिन समय रहते घर वापसी की संभावना बराबर बनी रहती...बनी भी रहनी चाहिए आखिर भाग कर जायेंगे कहां। यदि सूरदास जी के शब्दों में कहूं तो हम लोग कहीं और स्थायित्व प्राप्त ही नहीं कर सकते।

"मेरो मन अनत कहाँ सुख पावै।
जैसे उड़ि जहाज की पंछी, फिरि जहाज पै आवै॥"

वैसे इस बीच एक मित्र ग़ुलाम अली साहब के करीब पहुंचने वाले थे।पर पता नहीं क्या हुआ, सुबह से प्रहलाद तिपनिया जी को याद कर रहे हैं। 

~ विकास मणि 

फुटकर शे'र 4

•
वर्जित चीजों का कुछ दिन परहेज करो,
वक़्त  लगेगा  जख़्म  तुम्हारा  भरने  में।

•
रात की इस तीरगी से चाँद लड़ने क्या चला,
साथ  देने  के  लिए  ढ़ेरों   सितारे  आ गए !

•
चाहिए मुझको नहीं कोई निशानी प्यार की,
हाथ की ये चूड़ियां ही प्रीत की पहचान हैं ।

•
सच कहना सच को सहना कहते दुनिया में सभी मगर,
मेरे दिल के जख़्मों का हरबार तमाशा कर कर डाला ।

•
तुम  अगर  आवाज  देती  पास आने के लिए,
मणि' तुम्हारे पास  होता दूरियाँ कुछ भी नहीं।

'काग़ज़ पर तस्वीर बनी है'

प्यारी लड़की  मौन खड़ी थी, आंखें ज्यों बादल दिखती थीं, ज़ुल्फों  की  छाई थी बदली, हाथों   में    कंगन   थे    पूरे, लहंगे  के   भी  रंग   सु...