सोमवार, 7 नवंबर 2022

बिछड़ने का डर

आज दोपहर में जब से गोण्डा से पयागपुर आया हूं, अजीब सा खालीपन महसूस हो रहा है।ऐसा लग रहा है मेरी आत्मा गोण्डा के किसी चहेते चौराहे पर छूट गई है, और मैं सिर्फ अपनी काया लेकर यहां पहुंचा हूं।
न जाने कितनी रातें गोण्डा में अकेली गुजारी होगी,न जाने कितनी पीड़ाएं अकेले ही सहन कर लिया होगा, और न जाने कितनी बार अपमानित होकर ख़ामोशी से आगे बढ़ गया..पर शिकायत नाम की कोई चीज़ न थी।ऐसा लगता था गोण्डा अपना शहर है मुश्किल घड़ी में यही संभाल भी लेगा।
मगर पयागपुर में अपनेपन का अभाव है.. महफ़िल में रहकर भी महफ़िल से जुड़ाव नही हो पाता, लोगों से मिलकर भी ठीक से नही मिल पाता हूं, मानों मेरे और इस कस्बे के मध्य कोई अदृश्य दीवार खड़ी हो।
दरअसल ये खामी इस खूबसूरत कस्बे की नहीं, अपितु मेरी ही है। मैं डरता हूं कि कहीं ऐसा न हो, जब मैं यहां से कुछ महीनों बाद वापस जाऊं तो एक गोण्डा इधर भी न छूट जाए।

~ विकास मणि 
(तस्वीर गोण्डा के किसी अक्षांश एवं देशांतर की है, जिसे नरेंद्र तिवारी भैया ने अपने कैमरे में कैद किया है)

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

'काग़ज़ पर तस्वीर बनी है'

प्यारी लड़की  मौन खड़ी थी, आंखें ज्यों बादल दिखती थीं, ज़ुल्फों  की  छाई थी बदली, हाथों   में    कंगन   थे    पूरे, लहंगे  के   भी  रंग   सु...