इस महफ़िल को खूब सजाने वाला होगा जादूगर,
प्यार भरा संसार बनाने वाला होगा जादूगर।
नदियां बहती धूप निकलती पर्वत भी चुपचाप खड़ा,
कर्तव्यों को याद दिलाने वाला होगा जादूगर।
ये बच्चा जो रोते -रोते अक्सर हंसने लगता है,
इसको भी हर बार हंसाने वाला होगा जादूगर।
तारों के थकते ही अक्सर जो जाकर खामोशी से,
सूरज को हर रोज़ बुलाने वाला होगा जादूगर।
दुनिया भर की दालों में मणि कुछ न कुछ तो काला है,
सो चंदा में दाग़ बताने वाला होगा जादूगर।
~ विकास मणि
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें