आकांक्षा बहन,
पत्र लिखने का अपना रंग होता है अपना शिल्प होता है और इन सबसे बढ़कर कुछ शिष्टाचार होते हैं जो पत्र को पत्र बनाते हैं। लेकिन मैं दुस्साहस करते हुए, बिना शिल्प के तुम्हारे लिए एक बेरंग पत्र लिख रहा हूं।
कहने को तो हम दोनों का साथ तेरह महीनों का है, पर कहने से क्या होता है? न तुमने कभी मेरे बारे में कुछ जानने की चेष्टा की और न मैंने ही.. मुझे तो सहपाठियों द्वारा सिर्फ़ इतना मालूम हुआ कि अमुक लड़की बहुत ही अच्छी खिलाड़ी है... इससे ज्यादा न तो कभी मैंने जानने की कोशिश की और न ही किसी हितेषी ने बताया ही।
आज तुम अपने बारे में कुछ लिखने को कही, तो मैं संकोच में पड़ गया था। ऐसा लगा मानो किसी ने मुझे कोई दुर्लभ कार्य सौंप दिया है, फिर एक क्षण बाद महसूस हुआ ये कार्य दुर्लभ कहां बल्कि बहुत ही सुलभ है.. डायट परिवार का कौन ऐसा सदस्य होगा जो तुम्हारी प्रतिभा से परिचित नहीं है..खेल और योगा का नाम आते ही सबकी जुबान पर सबसे पहला जो नाम उच्चरित होता है, वो तुम्हारा ही है। तुम्हारी सहजता, सरलता और सुलभता ही तुम्हारी पहचान है।
आज जब कभी हम बॉलीबॉल ग्राउंड में किसी लड़की को खेलते हुए देखता हूं तो सबसे पहले तुम्हारी छवि मेरी आंखों में उतर आती है।
वैसे तो मेरा कभी खेल और खेल ग्राउंड से दूर दूर तक कोई नाता नही रहा है लेकिन मैंने शायद ही कोई ऐसा गेम होगा जिसे घंटों घंटों बैठकर कर ना देखा हो..जितना नशा लोगों को खेल खेलने का होता है उससे कहीं ज्यादा नशा मुझे खेल के दांव ओ पेंच देखने का है।
मेरी निगाहें कहीं भी हो मैं कितना भी महत्वपूर्ण कार्यों में तल्लीन रहूं लेकिन यदि कोई अच्छा खिलाड़ी मैदान में हो तो मजाल है मेरी दृष्टि उस खिलाड़ी से विलग हो जाय। फिर मेरी निगाह उसी खेल मैदान में अटक जाती है। मैंने तुम्हें जितना देखा उतना सिर्फ खेल मैदान में ही चीते जैसी फुर्ती, सारस जैसी सतर्कता और चातक जैसे आत्मस्वाभिमान के साथ देखा है। मैं तुम्हें मैदान से बाहर क्लास रूम में भी यदि देखता हूं तो मेरी नज़रों में उसी खिलंदड़ लड़की की छवि उभरती है जो खेल मैदान में अपने खेल कौशल से प्रतिद्वंद्वियों की हालत खस्ता करके रखती है।
मैं उम्मीद करता हूं तुम नित अपने खेल कौशल को संवारते हुए एक बेहतरीन खिलाड़ी के साथ साथ एक बेहतरीन शिक्षिका भी बनोगी।
आपका सहपाठी
विकास मणि
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें