रविवार, 3 जुलाई 2022

घरौंदा


मैं आज भी बनाता हूँ एक घरौंदा...

कभी मिट्टी से,
कभी बालू से,
कभी पत्थरों से,
तो कभी ताश की पत्तियों से...

और जब कुछ नहीं मिलता,
तो बस
ख़्वाबों में ही गढ़ने लगता हूँ
बचपन का वो घरौंदा, जिसमें,
छुपाकर रखता था,लकड़ी के गुटके,
काँच की गोलियाँ,
प्रचलन से मुक्त सिक्के,
व मिट्टी के काल्पनिक बर्तन...

पूरे दिन करता रहता था जिसकी सफाई
उतनी बार शायद अब एक वर्ष में भी नहीं करता,

घरौंदे का सबसे महत्वपूर्ण हिस्सा होती थी,
वो सीढ़ियाँ...
जिन्हें मैं बड़ी शिद्दत के साथ बनाता था..
जो मुझे लेकर जाती थी आकाश की तरफ...

छत के किनारों पर,
बनाता था एक छोटी सी दीवार
जो मुझसे ज्यादा मेरे  खिलौनों की करती थी सुरक्षा.

उसके मुख़्य दरवाजे पर
लगाता था,आम की पत्तियों से बने ताले,
जिसके अँधेरे हिस्सों को गौधूल में रौशन कर देती थी माँ,

और बताने लगती थी
घरौंदे को और बेहतर सजाने के तरीके...

आज उस घरौंदे को देता रहता हूँ
रोज नया-नया रंग..
क्योंकि मुझे डर है
कहीं भूल न जाऊँ वो रास्ता,

जो मुझे लेकर जाता है सुकून की तरफ....
ऐसा सुकून जो सिर्फ बचपन देता था...

~ विकास मणि 

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

'काग़ज़ पर तस्वीर बनी है'

प्यारी लड़की  मौन खड़ी थी, आंखें ज्यों बादल दिखती थीं, ज़ुल्फों  की  छाई थी बदली, हाथों   में    कंगन   थे    पूरे, लहंगे  के   भी  रंग   सु...