कितना अच्छा होता,
अगर मैं होता एक पागल...!
मेरे पास होता एक अद्भुत गट्ठर
जिसमें छुपाकर रखता अपार खुशियाँ
और बे'वजह पड़ी वस्तुओं से पूछता
उन लोगों के बारे में
जो उन्हें अपदार्थ समझकर त्याग चुके हैं।
एक गन्ने का मजबूत लट्ठा अपने पास रखता
और उनके गाँठों को निहारता रहता
जो दीवार बनकर पूरे गन्ने को कई भागों में बाटते हैं।
उस लट्ठे पर प्लास्टिक की रंगबिरंगी पन्नी सजाकर रखता
जिसको स्पर्श करने के लिए तितलियों के बीच होड़-सी होती।
एक गोल टोपी होती जिसे रद्दी कागजों द्वारा इस कदर सुसज्जित करता जैसे किसी दूल्हे का सेहरा हो।
कमर में बैंगनी रंग का मफलर
रस्सी के साथ इस कदर बाँधता
जैसे कोई सिपाही युद्ध के लिए तत्पर हो।
पाँव में पहन कर रखता सडक बनाने वालों का जूता
क्योंकि मुझे देखना रहता उन जूतों की दुनिया
जो अपनी दुनिया के ऊँट हैं।
फिर उन जूतों पर डाल लेता जूट की बोरी
जो जूतों को और काला होने से बचाती।
कुर्ता तो पहन नहीं सकता
क्योंकि मेरा सहयात्री देशी कुत्ता
(जिसे कूकुर कह सकते हैं)
मुझे अपना विपक्षी समझ लेता
फिर वर्चस्व की जंग छिड़ जाती
इसलिए कुर्ते की जगह कोई फटा हुआ मटमैला शर्ट (जिसे बूशर्ट कह सकते हैं)
पहन लेता
जिसके बाँह की बटन को स्वतंत्र रखता
क्योंकि वो मुझे आजाद होने का अहसास कराती।
फिर पैजामा पहन लेता फिर पहन लेता टोपी
ताकि जब भी पक्षियों को बैठने को कहीं जगह न मिले
तो वो बे'झिझक
मेरी टोपी को किसी चौराहे पर खड़े मेरे आदर्श की रक्षा कर रही छतरी समझकर आराम कर सकें।
किसी सफाई कर्मी की गुलाबी रंग की ड्रेस
(जिसे पहचान वस्त्र कह सकते हो)
किसी कूड़े के ढेर से उठाकर पहन लेता
और फिर कन्धे पर गमछे नुमा कपड़ा डाल लेता
जो किसी पुष्पहार से कम न होता...
फिर जाकर किसी छायादार नीम की छाँव के तले बैठकर
अपनी महफिल सजाता
दो चार कुत्ते(कूकुर)
मेरा गट्ठर
पैजामे के जेब में पैसे की जगह खनकने वाले पत्थर के छोटे-छोटे टुकड़े और भी बहुत कुछ
जो हमारी बातें सुन व समझ सकते
महफ़िल का हिस्सा बनते।
मैं अपने सतरंगी लट्ठे को अपने कंधो पर टिकाकर
इक दम एकांत होकर
(उतना एकांत जितना पृथ्वी का पहला सृजन रहा होगा)
इस समूचे आकाश मंडल को अपलक निहारता रहता
और कोशिश करता रहता भूख प्यास पर विजय पा लेने की !
फिर मैं शुरू करता गुफ़्तगू सृष्टिकर्ताओं से
एक नये कायनात की
जो वर्तमान से बिल्कुल हटकर हो इकदम अलग।
जिस पर हमारे आस-पास की वस्तुयें अपना-अपना विचार प्रकट करतीं
और हाँ, वो विचार सत्ता या शक्ति के लिए नहीं रखतीं
अपितु अपने हक के लिए अपनी सुरक्षा के लिए
क्योंकि वो वस्तुयें भी हमारी तरह
शायद बेघर रहतीं
या सभ्य होने के शर्त से कोसों दूर....!
हवा की मन्द-मन्द लहर माध्यम बनती मेरे व सृष्टिकर्ता के बीच में होने वाले वार्तालाप की...
निर्जीव लोग मुझे देखते
और प्रकट करते अपनी-अपनी संवेदनाएं-
कुछ तो हँसते मेरे ऊपर !
और कुछ सभ्य थूकते भी !
यही दो लक्षण हैं
जिसके विलुप्त होते ही व्यक्ति पागल हो जाता है...!
इसलिए दूसरों पर हँसते रहिए,थूकते रहिए
यही हमारे आधुनिक होने का प्रमाण है...!
~ विकास मणि
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें