मैं चौराहे पर खड़ा,
कर रहा था इंतजार,
एक बस का
जो मुझे पहुँचा सके
मेरी मंजिल को..!
दूर से आते हुए,
हर वाहन
व उनकी आवाजें,
मुझे डाल देती थी भ्रम में...
और मैं,
हर बार तत्पर हो जाता,
उस पर बैठने के लिए...
मगर हर बार
मुझे,
मिलती थी..
केवल निराशा,
क्योंकि वो
या तो नहीं होते बैठने लायक,
या कर चुके होते थे अनुबन्ध,
किसी और यात्री से,
मंजिल पर पहुँचाने के लिये. ..!
कभी ट्रक में,
मुझे बस दिखती,
कभी टैम्पो में,
मुझे बस दिखती,
कभी-कभी तो मुझे
रिक्शे में भी देखने लगती,
अक्स...मेरे बस की!
बार-बार की निराशा ने,
मुझे बना दिया था निष्ठुर !
और मैंने
रास्ते को देखना बन्द ही
कर दिया,
मुझे लगा
मेरी बस आकर आवाज देगी मुझे,
तभी
एक बस गुजरी
जिसे आज मैंने,
समझ लिया था एक मालगाड़ी...!
जो मुझे
लेकर जाती सकुशल
मेरी मंजिल पर...
मगर
ये आखिरी बस छूट गई
क्योंकि ये बस
बिना आवाज दिए ही निकल गई...!
और मैं
आज तक खड़ा हूँ,
उस बस के इंतज़ार में
जो
मुझे लेकर जा सके,
मेरी मंजिल पर....!!!
~ विकास मणि
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें