चल अच्छा..! अब तू ही जीता,
मैंने अपनी हार मान ली !
कल तक लड़ते थे लहरों से,
पर तिनके से दहल गये हो ।
मुझको क्या मालुम था कि तुम,
इतने दिन में बदल गये हो ।
जज़्बातों के उन लम्हों को,
मैंने भी तकरार मान ली ।
चल अच्छा..! अब तू ही जीता,
मैंने अपनी हार मान ली !
एक बरस में कितने मौसम,
आते फिर जाते रहते हैं ।
उसी तरह इस जीवन में भी,
ये सुख - दुःख आते रहते हैं ।
उठती - गिरती इन सांसों को,
मैंने भी ललकार मान ली ।
चल अच्छा..! अब तू ही जीता,
मैंने अपनी हार मान ली !
प्रश्नों की उत्तर के खातिर,
हर - पल ख़ामोशी ठीक नहीं ।
तन की दूरी तो ठीक मगर,
ये मन की दूरी ठीक नहीं ।
उलटे - सीधे कुछ प्रश्नों को,
मैंने भी कतवार मान ली ।
चल अच्छा..! अब तू ही जीता,
मैंने अपनी हार मान ली !
~ विकास मणि
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें