मेरे हिस्से की खुशियों को,
जग से तुम अनुबन्धित कर दो!
कितनी बार कहा सावन से,
रहने दो कुछ पतझड़ ख़ातिर!
कितनी बार कहा पतझड़ से,
रहने दो कुछ भँवरों ख़ातिर!
कितनी बार कहा भँवरों से,
रहने दो कुछ कलियों ख़ातिर!
कितनी बार कहा कलियों से,
मन को आज सुगन्धित कर दो,
मेरे हिस्से की खुशियों को,
जग से तुम अनुबन्धित कर दो!
कितनी बार कहा बादल से,
मरूभूमि को सिंचित कर दो,
कितनी बार कहा नदियों से,
प्यासों को तुम मत तड़पाओ,
कितनी बार कहा प्यसों से,
गंगा को होंठों पर लाओ,
कितनी बार कहा होंठों से,
तृष्णा को प्रतिबन्धित कर दो,
मेरे हिस्से की खुशियों को,
जग से तुम अनुबंधित कर दो,
कितनी बार कहा तारों से,
सूरज की तनहाई समझो,
कितनी बार कहा सूरज से,
लोगों की अँगड़ाई समझो,
कितनी बार कहा लोगों से,
सत्ता की तरूणाई समझो,
कितनी बार कहा सत्ता से,
पतझड से सम्बन्धित कर दो,
मेरे हिस्से की खुशियों को,
जग से तुम अनुबंधित कर दो..!
~ विकास मणि
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें